CG Elephant Attack: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। शुक्रवार रात राजपुर वन परिक्षेत्र के रेवतपुर के नवापारा क्षेत्र में हाथियों के दल के पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।![]()
4 हाथियों का दल कर रहा था विचरण
जानकारी के अनुसार रेवतपुर के नवापारा क्षेत्र में चार हाथियों का दल विचरण कर रहा था। देर रात बारिश के दौरान हाथी राजपुर वन परिक्षेत्र के गांव में पहुंच गए और घरों को नुकसान पहुंचाने लगे। इस दौरान ग्रामीण अपनी सुरक्षा के लिए घरों से बाहर निकलने लगे।
भागते समय ग्रामीण की मौत
मृतक की पहचान बालम साय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हाथियों से बचने के लिए वह भाग रहे थे, तभी एक हाथी के हमले में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों की जानकारी मिलते ही सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है।



