E-Challan Scam: जगदलपुर: अगर आपके मोबाइल पर ई-चालान भरने का संदेश आया है, तो बिना जांच किए उस पर क्लिक करने की गलती न करें। बस्तर में साइबर ठग फर्जी ई-चालान के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए परिवहन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक माध्यम से ही चालान की पुष्टि करने की अपील की है।![]()
मैसेज क्लिक करते हि बैंक खाता खाली
जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी एसएमएस, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से फर्जी ई-चालान का संदेश भेज रहे हैं। यह संदेश देखने में बिल्कुल सरकारी नोटिस जैसा लगता है, जिससे लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाते हैं। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उपयोगकर्ता एक नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जो सरकारी पोर्टल जैसी दिखाई देती है।
इस फर्जी वेबसाइट पर वाहन नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड का विवरण और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी मांगी जाती है। जैसे ही व्यक्ति यह जानकारी दर्ज करता है, साइबर ठग उसके बैंक खाते से रकम निकाल सकते हैं।
तुरंत चालान नहीं भरने पर वाहन जब्त
साइबर अपराधी कई मामलों में लोगों को डराने के लिए यह भी लिखते हैं कि यदि तुरंत चालान का भुगतान नहीं किया गया तो वाहन जब्त कर लिया जाएगा या कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह मानसिक दबाव बनाकर लोगों से जल्दबाजी में गलती करवाई जाती है।
कुछ फर्जी संदेशों में मोबाइल पर एपीके फाइल या ऐप डाउनलोड करने के लिए भी कहा जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे ऐप में मालवेयर हो सकता है, जो मोबाइल की निजी जानकारी, बैंक खाते और यूपीआई तक साइबर अपराधियों की पहुंच बना सकता है।
फर्जी ई-चालान से बचें
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डुलीचंद बंजारे ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ई-चालान का भुगतान करने से पहले उसकी पुष्टि केवल आधिकारिक पोर्टल पर करें। किसी अज्ञात नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई संदिग्ध संदेश मिले तो इसकी सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को दें।



