छत्तीसगढ़ में बर्खास्त B.Ed सहायक शिक्षक रायपुर के माना में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके पहले रविवार को करीब 5 किलोमीटर दंडवत होकर यात्रा निकाली, जो माना चौक से शदाणी दरबार तक सड़कों पर लेटते हुए विरोध किया। आंदोलन का आज 27वां दिन है।
इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा कि युवा साथियों कांग्रेस पार्टी आपके साथ है। डरना नहीं, झुकना नहीं। इस ट्वीट के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी B.Ed सहायक शिक्षकों के समर्थन में उतरी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि देशभर में भाजपा युवाओं को अंधकार में धकेल रही है।

भाजपा सरकार ने 3 हजार शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया
प्रियंका गांधी ने लिखा कि छत्तीसगढ़ का यह वीडियो देश के युवाओं की दुर्दशा का एक छोटा सा उदाहरण है। प्रदेश में 33 हजार शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। 1 लाख नौकरी देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने 3 हजार शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया।
उन्होंने लिखा कि ये लड़कियां नौकरी की गुहार लगाते हुए कड़ाके की ठंड में सड़क पर लेटकर विरोध जता रही हैं। आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत हर राज्य के युवा भाजपा के भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। 27वां दिन अर्धनग्न होकर विरोध जता रहे हैं।

