CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पिछले दस दिनों से सुस्त पड़ा मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 30 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और अगले सात दिनों तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।![]()
पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
आंकड़ों के अनुसार 30 जून तक प्रदेश में सामान्य रूप से 188 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 66.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यानी इस बार अब तक सामान्य से 121.8 मिलीमीटर कम बारिश हुई है, जो लगभग 65 प्रतिशत की कमी है। हालांकि मानसून के सक्रिय होने के बाद इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इन संभागों में अच्छी बारिश के आसार
मौसम विभाग द्वारा जारी उपग्रह चित्रों के अनुसार मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर घने बादलों का व्यापक क्षेत्र बना हुआ है। इसका असर रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है।
रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी घने बादल छाए हुए हैं। अगले कुछ घंटों में बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। वहीं बस्तर संभाग में भी बादलों की सक्रियता बनी हुई है। पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा से लगातार नमी वाली हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, जिससे बारिश का दौर जारी रहने के संकेत हैं।
रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


