CG Snake Video: छत्तीसगढ़ में मानसून की शुरुआत के साथ ही सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। रायगढ़ जिले में एक घर की नींव के नीचे कोबरा के 27 अंडे मिलने से हड़कंप मच गया। रेस्क्यू टीम ने मौके से 10 बेबी कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। वहीं, सरगुजा संभाग में अलग-अलग घटनाओं में सांप के डसने से पिता-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई।![]()
घर में मिले 10 बेबी कोबरा
रायगढ़ जिले के हमीरपुर क्षेत्र के कांदादोड़ा गांव निवासी जगतराय भोय के घर में लगातार तीन दिनों तक कोबरा के बच्चे दिखाई दिए। पहले दिन एक, दूसरे दिन एक और तीसरे दिन फिर सांप का बच्चा निकलने पर परिवार ने सर्परक्षक रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सर्परक्षक एनिमल रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घर की नींव के पास करीब डेढ़ से दो फीट तक खुदाई की। जांच के दौरान ईंट-पत्थरों के नीचे कोबरा के 27 फूटे हुए अंडे मिले। इनमें से अधिकांश बच्चे पहले ही निकल चुके थे।
रेस्क्यू टीम ने मौके से 10 बेबी कोबरा को सुरक्षित पकड़ा और बाद में उन्हें जंगल के सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ दिया।
पिता-बेटी की सर्पदंश से मौत
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डंभाटोली में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। शनिचरा पैंकरा (36) अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जमीन पर सो रहे थे। देर रात एक जहरीला सांप बिस्तर पर चढ़ गया और शनिचरा तथा उनकी चार वर्षीय बेटी महंती को डस लिया।
सांप के काटने के बाद परिजन दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराते रहे। सुबह हालत गंभीर होने पर दोनों को अस्पताल ले जाया गया। शंकरगढ़ अस्पताल में बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान पिता की भी मौत हो गई।
करैत के डसने से 13 वर्षीय बच्ची की गई जान
सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सकरिया में 13 वर्षीय आसमनी एक्का अपने मामा के घर आई हुई थी। सोमवार रात वह अपनी मौसी के साथ जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान करैत सांप ने उसे डस लिया।
बच्ची के शोर मचाने पर परिजनों ने देखा कि बिस्तर में करैत सांप मौजूद था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।



