CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह एक युवक गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने पुलिस पर मारपीट और जबरन पैसे लेने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।![]()
जानकारी के अनुसार ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों का कहना है कि मंगलवार को उन्हें ग्राम सिरली के पास से पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे 23 हजार 500 रुपये भी जबरन ले लिए गए।
पानी टंकी पर चढ़कर किया विरोध
इन आरोपों से नाराज रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। तेज बारिश के बीच भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था और पुलिस कार्रवाई के विरोध में लगातार न्याय की मांग करता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
मामले में हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि दोनों युवक क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करने की गतिविधियों में शामिल थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें पकड़कर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की थी।
थाना प्रभारी ने मारपीट और रुपये लेने के आरोपों से साफ इनकार करते हुए कहा कि पुलिस ने कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की है।
घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस लोगों के घरों में घुसकर उन्हें उठाकर थाने ले जा रही है। ग्रामीणों ने अनवर अली नामक युवक का भी जिक्र किया, जिसके बारे में परिजनों का कहना है कि वह पिछले चार दिनों से घर नहीं लौटा है।
घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार विमल खांडेकर और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी, ग्रामीणों और परिजनों की मदद से युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास जारी था।


