Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मांड नदी पर बने अंबेटिकरा पुल से छलांग लगाने वाले युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक ने करीब 35 फीट ऊंचे पुल से नदी में छलांग लगाई थी, लेकिन वह दोबारा पानी से बाहर नहीं निकल सका। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे उसके दोस्तों ने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था।![]()
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान छाल थाना क्षेत्र के हाटी गांव निवासी जयसिंह अघरिया (19) के रूप में हुई है। मंगलवार को वह अपने दोस्तों होरीलाल और पिंटू निषाद के साथ अंबेटिकरा मंदिर घूमने गया था। दर्शन करने के बाद तीनों युवक मांड नदी में नहाने पहुंचे।
मोबाइल से वीडियो बनाकर लगाई छलांग
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान जयसिंह अघरिया पुल के ऊपर चढ़ गया। उसने पहले मोबाइल से वीडियो बनाया और फिर करीब 35 फीट ऊंचे पुल से नदी में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद वह पानी में डूब गया और दोबारा दिखाई नहीं दिया।
दोस्तों ने बचाने की कोशिश की
युवक के पानी से बाहर नहीं आने पर उसके दोस्तों ने नदी में उतरकर तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
22 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलने पर धरमजयगढ़ पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। मंगलवार शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद बुधवार सुबह डीडीआरएफ (DDRF) की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
करीब 22 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद युवक का शव नदी में तैरता हुआ मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस कर रही जांच
धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि नहाने के दौरान युवक पुल से नदी में कूद गया था और लापता हो गया था। पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी। शव बरामद कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



