Raipur Suicide: रायपुर में ड्राइवर ने कार में जहर खाकर दी जान, मौत से पहले सोशल मीडिया पर कही यह बात..

Raipur Suicide: राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र से एक ड्राइवर द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक का शव उसकी कार के अंदर मिला। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वॉइस नोट अपलोड किया था, जिसमें उसने पत्नी और बच्चों से अलग होने के कारण मानसिक तनाव में होने की बात कही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।tcw

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हीरापुर निवासी सतबीर सिंह (पिता सुखदेव सिंह) के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था। शनिवार को उसका शव कार के भीतर मिला, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

परिजनों ने बताया कि सतबीर सिंह लंबे समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में था। आरोप है कि पंजाब निवासी एक युवक निशान सिंह उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया था। इसके बाद पत्नी अपने बच्चों को लेकर उसके साथ रहने चली गई। बताया जा रहा है कि निशान सिंह पिछले पांच वर्षों से रायपुर में रह रहा है।

आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वॉइस नोट में सतबीर सिंह ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए पत्नी और बच्चों से दूर होने की वजह से मानसिक रूप से परेशान होने की बात कही थी। घटना के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

पुलिस अब वॉइस नोट, पारिवारिक विवाद और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल ने बताया कि आत्महत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वॉइस नोट की जानकारी बाद में मिली है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *