Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा क्षेत्र में युवती से बातचीत को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मोपका निवासी अभिषेक यादव (22) अपने चचेरे भाई को बचाने पहुंचा था, इसी दौरान आरोपियों ने उस पर चापड़ से हमला कर उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अभिषेक यादव बीए सेकंड ईयर का छात्र था। ओमप्रकाश यादव की एक लड़की से दोस्ती और बातचीत थी। इसी बात को लेकर उसका शुक्रवार को मोहल्ले में रहने वाले आशीष सूर्यवंशी और उसके दोस्तों से विवाद हो गया, फिर शनिवार की देर रात ओमप्रकाश का उन्हीं से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गई और करीब 5 युवकों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान अपने छोटे भाई को बचाने के लिए अभिषेक मौके पर पहुंचा, तभी आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। मुख्य आरोपी आशीष ने कमर में छिपाकर रखे चापड़ से अभिषेक के गले पर वार कर दिया। ऐसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर पहुंचे दोस्त दोनों को फौरन अपोलो अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि ओमप्रकाश का इलाज जारी है।
छोटे भाई को बचाने में गई जान
छोटे भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। एक युवक ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार किया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
पुलिस चौकी तक किया पीछा
घटना के बाद ओमप्रकाश जान बचाकर भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए नजदीकी पुलिस चौकी तक पहुंच गए। किसी तरह वह चौकी में घुसकर अपनी जान बचा सका। घटना के बाद परिजन और स्थानीय अभिषेक को तुरंत अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना से नाराज परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सरकंडा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव कर दिया। करीब 50-60 लोगों ने विरोध जताते हुए आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
दो नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले पुलिस ने दो नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष सूर्यवंशी (22), महावीर सूर्यवंशी (23) और रघुवीर सूर्यवंशी (26) शामिल हैं, जो वर्तमान में मोपका क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे और मूल रूप से सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के निवासी हैं।


