Raipur Water Crisis: राजधानी रायपुर में पानी की गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों ने नगर निगम जोन-8 कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह आंदोलन गुढ़ियारी, अशोक नगर और बजरंग चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बनी जल संकट की स्थिति को लेकर किया गया।
रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19, दुर्गा चौक, बजरंग चौक, बड़ा अशोक नगर और आसपास की बस्तियों में पिछले कई दिनों से पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पीने का पानी तक एक किलोमीटर दूर से लाना पड़ रहा है। अधिकांश बोरिंग खराब हो चुके हैं और पानी टैंकर की व्यवस्था भी नाकाफी साबित हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल ने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है और केवल कागजी कार्रवाई के जरिए हालात सामान्य दिखाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता से पानी के लिए टैक्स तो वसूला जा रहा है, लेकिन बदले में पर्याप्त सुविधा नहीं मिल रही।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि पानी की कमी का सीधा असर लोगों के रोजगार पर पड़ रहा है। लोगों को दिनभर पानी के इंतजार में रहना पड़ता है, जिससे वे काम पर नहीं जा पा रहे हैं। टैंकर से पानी की सप्लाई भी बेहद सीमित है और जो पानी मिल रहा है, वह पर्याप्त नहीं है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे पिछले एक महीने से लगातार इस समस्या से जूझ रहे हैं। टैंकर समय पर नहीं आते और आने पर भी सभी तक पानी नहीं पहुंच पाता। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।


