CG News: दामाद ने आधी रात ससुराल में लगाई आग, साले से बोला- जा बचा ले अपने पिता को…

CG News

CG News: बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के अकलतरी गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक युवक ने आधी रात अपने ही ससुराल में आग लगा दी, जिससे घर में सो रहे दंपती की जान पर बन आई। किसी तरह दोनों ने खिड़की के सहारे बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक पूरा घर जलकर खाक हो चुका था।tcw

प्रार्थी सखाराम प्रधान के अनुसार, 25 अप्रैल की रात वह अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। देर रात करीब 2 बजे उन्हें आग और धुएं का एहसास हुआ। जब उठकर देखा तो घर पूरी तरह आग की चपेट में था और दरवाजा बाहर से बंद था। घबराहट के बीच उन्होंने खिड़की के सहारे बाहर निकलकर अपनी पत्नी को भी सुरक्षित बाहर निकाला।

दामाद ने ससुराल में लगाई आग

पीड़ित ने अपने दामाद विवेक श्यामले पर आग लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी खिड़की के बाहर खड़ा होकर गाली-गलौज करते हुए चिल्ला रहा था कि उसने घर में आग लगा दी है और अब कोई नहीं बचेगा। इसके बाद वह बाइक से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि आरोपी का अपनी पत्नी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी घर में आग लगाने की कोशिश कर चुका था।

लाखों का सामान जलकर खाक

इस आगजनी में घर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। करीब 30 हजार रुपये नकद, स्कूटी, अनाज, मोबाइल फोन, हारमोनियम, टुल्लू पंप, पाइप, वायर, राशन कार्ड सहित जरूरी दस्तावेज आग में जल गए।

बेटे को भी दी धमकी

घटना की जानकारी मिलने पर जब पीड़ित का बेटा घर लौट रहा था, तब रास्ते में आरोपी ने उसे भी धमकाते हुए कहा कि जाकर अपने पिता को बचा ले।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *