Naxalism Program: नक्सलवाद पर डिप्टी CM विजय शर्मा बोले- 50 साल का संघर्ष 2 साल में खत्म..

Naxalism Program

Naxalism Program: राजधानी रायपुर स्थित प्रेस क्लब में आयोजित ‘नक्सलवाद पर विजय’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने भाग लिया। इस दौरान प्रेस क्लब की ओर से उनका स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और छत्तीसगढ़ से सशक्त नक्सल कैडर लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि 50 वर्षों से चल रहा नक्सलवाद का संघर्ष महज दो वर्षों में खत्म हुआ है और बस्तर की जनता ने नक्सलवाद को पूरी तरह नकार दिया है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने नक्सल समस्या के समाधान के लिए सभी विकल्प खुले रखे थे और सुरक्षा बलों के ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने जवानों के अदम्य साहस को नमन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से प्रदेश में शांति स्थापित हो सकी है।

डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सहयोग करने के बजाय एनकाउंटर को लेकर लगातार सवाल उठाए, जबकि आज बस्तर की जनता ने खुद इसका जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि नक्सल उन्मूलन में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय पत्रकारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

विजय शर्मा ने कहा कि आज बस्तर में शांति का माहौल है और यहां बस्तर पंडुम व बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की नक्सल पुनर्वास नीति प्रभावी रही है और लोगों को स्थानीय भाषा, बोली और रेडियो के माध्यम से जागरूक किया गया।

उन्होंने कहा कि ‘सरेंडर’ शब्द की जगह ‘ससम्मान आत्मसमर्पण’ की अवधारणा को अपनाया गया, जिसके तहत दो हजार से अधिक नक्सलियों ने मुख्यधारा में वापसी की है। बस्तर के लोगों ने अब खुद को नक्सल आतंक से मुक्त और आजाद महसूस किया है।

कार्यक्रम की शुरुआत में नक्सल पीड़ितों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसमें क्षेत्र में वर्षों तक चले नक्सलवाद के प्रभाव को दर्शाया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *