Raipur News: शादी का झांसा देकर विधवा महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश और फोटो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठने के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आरोपी की पहचान प्रशांत मंडल (34 वर्ष) निवासी सोरखा, नोएडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह खुद को डॉक्टर बताकर पीड़िता के संपर्क में आया था। आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि पुरानी बस्ती थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह ने की है।

जानिए पूरा मामला
पीड़िता ने 8 दिसंबर 2025 को थाना पुरानी बस्ती में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान शादी डॉट कॉम के माध्यम से प्रशांत मंडल से हुई थी। आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा और परिवार से मिलकर रिश्ता तय करने का भरोसा दिलाया।
इसी भरोसे पर 7 जून 2025 को आरोपी रायपुर आया और पीड़िता को एक होटल में मिलने बुलाया। होटल में बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर पीड़िता किसी तरह वहां से निकल पाई।
इसके बाद आरोपी ने महिला की निजी तस्वीरें वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया। डर और बदनामी के भय से पीड़िता ने किस्तों में आरोपी को कुल 4 लाख रुपये दे दिए।

दिल्ली से गिरफ्तार, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल रायपुर की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस की गई। इसके आधार पर पुलिस टीम नोएडा-दिल्ली रवाना हुई और 20 जनवरी 2026 को थाना सेक्टर-113 क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
