CG Rape Murder: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सोनपुर थाना क्षेत्र में 11 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया और पहचान उजागर होने के डर से कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर बच्ची की हत्या कर दी।
घटना 31 दिसंबर की शाम की बताई जा रही है। आरोपी संजू कुमेटी (22 वर्ष) हत्या के बाद बच्ची के शव को गांव के ही खेत में फेंककर फरार हो गया। बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजन लगातार उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चार दिन बाद 4 जनवरी को ग्रामीणों ने खेत में बच्ची की लाश देखी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।

अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग नारायणपुर जिले के एक गांव की रहने वाली थी। लड़की के घर वाले सल्फी बेचते थे, आरोपी संजू कुमेटी अक्सर घर में सल्फी लेने आया करता था। इस दौरान ही लड़की से उसकी पहचान हुई थी।
31 दिसंबर से नाबालिग घर से लापता थी। परिवार के सदस्य उसे यहां-वहां ढूंढते रहे। उसका पता नहीं चला। फिर 4 जनवरी को गांव के ही एक खेत में नाबालिग की लाश मिली।

कपड़े फटे हुए थे, शरीर पर चोट के निशान थे। वहीं गांव वालों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। पुलिस को भी सूचना दी गई। जिसके बाद जवानों ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
जहां पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप की बात सामने आई। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

परिचित के युवक ने ही की वारदात
पुलिस को पता चला कि, नाबालिग एक युवक संजू कुमेटी से संपर्क में थी। अंतिम बार भी उसी के साथ देखा गया था। जिसके बाद शक के आधार पर 5 जनवरी को उसे हिरासत में लिया गया।
जिससे पूछताछ करने पर उसने रेप कर हत्या करने का राज खोल दिया। उसने पुलिस को बताया कि धारदार हथियार कुल्हाड़ी से वारकर उसे मार डाला।
आरोपी को भेजा गया जेल
वहीं पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। उसे जेल भी भेज दिया गया है। नारायणपुर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर इस मामले का खुलासा किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग से दुष्कर्म और फिर हत्या मामले में जांच जारी है।
