KTUJM Raipur: कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में कुलपति की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति द्वारा कुलपति पद के चयन के लिए तीन सदस्यीय खोज समिति का गठन किया गया है। इस समिति के अध्यक्ष पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति प्रो. डॉ. सच्चिदानंद शुक्ल को बनाया गया है।
समिति में सदस्य के रूप में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जनकपुरी नई दिल्ली के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेडी और पाञ्चजन्य, नई दिल्ली के राष्ट्रीय संपादक हितेश शंकर को शामिल किया गया है।
अधिनियम की धारा 11(5) के अंतर्गत यह समिति अधिसूचना के प्रसारण की तिथि से 6 सप्ताह की अवधि में कुलपति पद के लिए अनुशंसित पैनल कुलाधिपति को प्रस्तुत करेगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
