Bilaspur News: बिलासपुर में कक्षा 10वीं का 17 वर्षीय छात्र विनय नायक पिछले 12 दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता है। 15 नवंबर की सुबह वह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल बंद है और स्कूटी रेलवे स्टेशन पार्किंग में मिली है। परिजन उसकी तलाश में भटक रहे हैं और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
स्कूल ही नहीं पहुंचा छात्र
तोरवा थाना क्षेत्र के पावर हाउस चौक निवासी महेश नायक का बेटा विनय (Vinay Nayak Lapta) लालखदान स्थित होलीक्रास स्कूल में दसवीं में पढ़ता है। 15 नवंबर को स्कूल में पैरेंट्स-टीचर मीटिंग थी। पिता महेश स्कूल पहुंचे, जबकि विनय सुबह 9 बजे स्कूटी से घर से निकला था। लेकिन वह स्कूल पहुंचा ही नहीं।

पिता से आखिरी बातचीत के बाद बंद हुआ मोबाइल
सुबह 9:45 बजे महेश नायक ने बेटे को फोन किया था। इसी कॉल के बाद छात्र ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं है।
रेलवे स्टेशन में खड़ी मिली स्कूटी
परिजन तलाश करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां स्कूटी पार्किंग में खड़ी मिली, लेकिन छात्र नहीं मिला। आशंका है कि वह ट्रेन से कहीं चला गया हो या फिर कोई उसे बहला-फुसलाकर ले गया हो।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने 16 नवंबर को तोरवा पुलिस को रिपोर्ट दी, लेकिन छात्र बरामद नहीं हुआ। परेशान परिजन अब SP ऑफिस पहुंचे और एसएसपी रजनेश सिंह से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ढंग से तलाश नहीं कर रही।
पोस्टर-बैनर लगाकर तलाश
परिजन पिछले 12 दिनों से लगातार बच्चे की तलाश कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर कर लोगों से मदद मांग रहे हैं। एसएसपी ने छात्र की तलाश में हरसंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
