Korba News: कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र के कोरबी-धूतरा गांव में एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए डायल 112 पर कॉल किया गया था। सूचना मिलने पर महतारी एक्सप्रेस का चालक भुवन पाल वाहन लेकर निकला, लेकिन रास्ते में उसने शराब पी ली और नशे की हालत में एंबुलेंस को सड़क किनारे खड़ी कर वहीं सो गया। काफी देर तक वाहन नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने तलाश की और एंबुलेंस को सड़क पर खड़ा देखा। अंदर चालक भुवन पाल नशे में सोते अवस्था में मिला। ग्रामीणों ने उसे जगाकर बाहर निकाला और पूरे मामले का वीडियो भी बनाया।

घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को दी गई। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए स्वास्थ्य विभाग की नियोक्ता इकाई ने चालक भुवन पाल को सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। विभाग ने कहा है कि महतारी एक्सप्रेस 102 आपातकालीन सेवा का हिस्सा है, ऐसे में इस तरह की लापरवाही अस्वीकार्य है और इसके लिए कोई माफी नहीं दी जा सकती।

