Kanker News: मासूम छात्रा को क्लासरूम में बंद कर घर चला गया स्कूल स्टाफ, रोने की आवाज सुनकर खोला ताला

Kanker News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। स्कूल की छुट्टी के बाद शिक्षकों और चपरासी की लापरवाही के कारण पहली कक्षा की एक मासूम छात्रा को क्लासरूम में बंद कर दिया गया। बच्ची जब घर नहीं पहुंची, तो परिजन उसे ढूंढते हुए स्कूल पहुंचे। वहां से रोने की आवाज आने पर ताला तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला गया।

यह मामला आत्मानंद प्राथमिक शाला हरणगढ़ का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पीवी-8 निवासी गुंजन मंडल रोजाना बस से स्कूल आती-जाती थी। सोमवार को जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार चिंतित हो गया। उन्होंने खोजबीन शुरू की और शाम करीब पांच बजे स्कूल पहुंचे, जहां स्कूल भवन के अंदर से बच्ची के रोने की आवाज आई।

सूचना मिलने पर शिक्षिका और चपरासी मौके पर पहुंचे और ताला खोलकर छात्रा को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि छुट्टी के समय बच्ची कक्षा में सो गई थी, जिस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया और स्कूल का ताला लगाकर सभी घर चले गए।

प्रधानपाठिका दिक्षिका साहू ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत कार्रवाई की और चपरासी को फोन कर ताला खुलवाया। बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है। वहीं परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि बच्ची बेहोश हो जाती या किसी अनहोनी का शिकार होती, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल की होती।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्राचार्य मौके पर पहुंचे और परिजनों से इस गंभीर लापरवाही के लिए माफी मांगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *