Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चाय-नाश्ते की दुकान में चोरी के आरोप में एक नाबालिग को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने न केवल बच्चे को बंधक बनाया बल्कि बेल्ट और बेसबॉल से पिटाई कर उसका वीडियो भी बनाया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला
पीड़ित नाबालिग के पिता ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अक्टूबर की सुबह 4 बजे, उसका बेटा राजीव नगर निवासी प्रकाश नेताम की दुकान से गोली, बिस्किट और सिगरेट की कथित चोरी के आरोप में पकड़ा गया। इसके बाद प्रकाश नेताम और उसका भाई दीपक नेताम ने उसे खंभे में रस्सी से बांधकर बेल्ट, थप्पड़ और हाथों से मारपीट की।

वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया
आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो देखकर पीड़ित परिवार सदमे में आ गया और समाज में अपमानित महसूस करने लगा। इसके बाद पीड़ित के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई
रायगढ़ के डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ित पक्ष की पहचान की गई। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों के खिलाफ दर्ज धाराएं
सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रकाश नेताम और दीपक नेताम के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 127(2), 3(5) बीएनएस, तथा बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम 2015 की धारा 74, 75 के तहत अपराध दर्ज करते हुए दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
