CG News: बिलासपुर में 28-29 अगस्त की दरम्यानी रात हुई हिंसा और पथराव की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस 50 से अधिक नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी थी। संदिग्धों की धरपकड़ के दौरान 16 लोगों को हिरासत में लिया गया था। फिलहाल मामले की जांच और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
2 मामलों में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 488/2026 के तहत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मोहम्मद जुनैद शामिल हैं। सभी आरोपी खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के निवासी हैं।
वहीं अपराध क्रमांक 489/2026 के तहत पुलिस ने राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकू और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी कुंदरापारा और एक आरोपी डबरीपारा का रहने वाला है।
हिंसा में वाहनों और दुकान को पहुंचा नुकसान
पथराव और उपद्रव के दौरान 8 वाहनों और एक दुकान में तोड़फोड़ की गई। क्षतिग्रस्त वाहनों में 6 चारपहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और एक बाइक शामिल है। इसके अलावा पथराव के कारण एक मकान की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए।
पथराव में 9 पुलिसकर्मी हुए घायल
उपद्रव को नियंत्रित करने के दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया गया है कि थाना प्रभारी के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया।
घटना के बाद खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक सहित आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस के अलावा दूसरे जिलों से करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पैदल मार्च और गश्त की जा रही है।
ड्रोन और CCTV से निगरानी
पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की जांच कर रही है। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए भी इलाके की निगरानी की जा रही है।

