PM Awas Yojana: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अपना पक्का घर बना रहे हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने आवास निर्माण कार्य में श्रम करने वाले हितग्राहियों की दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी है। इस संबंध में राज्य कार्यालय ने सभी जिलों को आदेश जारी कर दिया है। नई व्यवस्था लागू होने से ग्रामीण परिवारों को आवास निर्माण में अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।![]()
261 से बढ़कर 300 रुपये हुई मजदूरी
विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (वीबीजीरामजी) के तहत 1 जुलाई 2026 से अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 300 रुपये निर्धारित की गई है। इससे पहले मनरेगा के अंतर्गत यह मजदूरी 261 रुपये प्रतिदिन थी। नई दर लागू होने से श्रमिकों को प्रतिदिन 39 रुपये अधिक मिलेंगे।
आवास निर्माण में भी बढ़ी मजदूरी दर
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए मनरेगा के माध्यम से 90 दिनों के अकुशल श्रम का लाभ दिया जाता है। अब इन 90 दिनों की मजदूरी भी संशोधित दर 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मिलेगी, जिससे लाभार्थियों को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सहायता प्राप्त होगी।
3510 रुपये का अतिरिक्त लाभ
नई मजदूरी दर लागू होने से प्रत्येक पात्र हितग्राही को 90 दिनों के कार्य के आधार पर लगभग 3,500 रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। इससे आवास निर्माण का आर्थिक बोझ कम होगा और निर्माण कार्य तेजी से पूरा होने में मदद मिलेगी।

