Jashpur Accident: जशपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गम्हरिया में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक (Jashpur Morning Walk Accident) पर निकले 3 लोगों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने रौंद दिया। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (जशपुर में मॉर्निंग वॉक कर रहे 3 लोगों को पिकअप ने कुचला)

मृतकों की पहचान गम्हरिया निवासी लकड़ा मिस्त्री और हिरा मिस्त्री के रूप में हुई है। दोनों पेशे से वाहन मिस्त्री बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन (Jashpur Pickup Accident) तेज रफ्तार में था और चालक ने नियंत्रण खोते हुए पैदल चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
