Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आयोजित PWD सिविल इंजीनियर (CG PWD Exam) की भर्ती परीक्षा के दौरान एक चौंकाने वाला नकल कांड सामने आया है, जिसने पूरे परीक्षा तंत्र की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामदुलारे स्वामी आत्मानंद स्कूल में परीक्षा देने पहुंची एक युवती ने हाईटेक गैजेट्स का इस्तेमाल कर नकल करने की कोशिश की, लेकिन एक सतर्क ऑटो चालक और NSUI कार्यकर्ताओं की सूझबूझ से मामला पकड़ा गया और परीक्षा में धांधली की यह साजिश नाकाम हो गई।
दरअसल, घटना रविवार को उस वक्त सामने आई जब पीडब्ल्यूडी में असिस्टेंट इंजीनियर के 113 पदों के लिए व्यापमं द्वारा परीक्षा आयोजित की जा रही थी। बिलासपुर शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित रामदुलारे शासकीय स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सुबह 10 बजे परीक्षा शुरू हुई और यहीं से शुरू हुआ हाईटेक नकल का खेल।
पूरा मामले का खुलासा
परीक्षा में बैठी युवती का नाम अनुसूर्या बताया जा रहा है– ने अपने कॉलर में एक माइक्रो कैमरा फिट कर रखा था, जो उसके अंडरगारमेंट्स में छिपे वायरलेस ट्रांसमीटर से जुड़ा था। यह कैमरा परीक्षा के प्रश्नपत्र को स्कैन कर उसकी लाइव फीड परीक्षा केंद्र के बाहर खड़ी एक ऑटो तक भेज रहा था। इस ऑटो में बैठी थी अनुसूर्या की बहन अनुराधा बाई, जो लैपटॉप और मोबाइल की मदद से प्रश्नों के उत्तर गूगल पर खोज रही थी और फिर वॉकी-टॉकी के जरिये अपनी बहन को भेज रही थी।
ऑटो वाले ने किया हाईटेक नकल का भंडाफोड़
इस हाईटेक नकल योजना तब भंडाफोड़ हो गई जब पास में खड़े एक ऑटो चालक को अनुराधा की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। उसने देखा कि वह लगातार लैपटॉप पर कुछ देख रही है और ईयरफोन में बात कर रही है। उसे संदेह हुआ कि कहीं कुछ गड़बड़ तो नहीं हो रही। उसने फौरन NSUI के नेता विकास ठाकुर को इस बारे में सूचना दी।
मौके पर पहुंचे NSUI कार्यकर्ता
कुछ ही देर में NSUI के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और अनुराधा को रोका। पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके हाथ ऐसे सबूत लगे जिससे पूरा मामला खुल गया। अनुराधा के पास से लैपटॉप, वायरलेस ट्रांसमीटर, माइक, रिसीवर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स मिले। उसने स्वीकार किया कि वह अपनी बहन को उत्तर भेज रही थी।
पुलिस हिरासत में दोनों बहन
इस पूरे मामले की सूचना तत्काल सरकंडा पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इनके पास से हाईटेक डिवाइसेस जब्त कर लिए हैं। परीक्षा हॉल में बैठी अनुसूर्या को बाद में परीक्षा केंद्र से बाहर बुलाकर पकड़ा गया।
