Balaghat accident: अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई कर; आग लगने से जिंदा जला युवक, 4 लोगों की हालत गंभीर 

Balaghat accident: मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। शुक्रवार तड़के सुबह करीब 4 बजे दिनी-पुनी के मुरमाड़ी मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई। इस हादसे में 24 वर्षीय राकेश श्रीवास जिंदा जल गया, जबकि कार सवार अन्य 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

शादी समारोह से लौट रही थी कार

रामपायली थाना पुलिस के अनुसार, पांच युवक छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बालाघाट के कटंगी में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद वे वापस लौट रहे थे कि मुरमाड़ी के पास उनकी कार बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और अफरा-तफरी मच गई।

किसी तरह बाहर निकले 4 लोग, एक युवक फंसा रह गया

कार में सवार चार लोग किसी तरह जान बचाकर जलती हुई कार से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन 24 वर्षीय राकेश श्रीवास कार में ही फंसे रह गए। आग इतनी तेजी से फैली कि राकेश को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 

ग्रामीणों ने दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना सुबह सैर पर निकले ग्रामीणों ने पुलिस को दी। रामपायली थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव ने बताया कि पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राकेश श्रीवास के जले हुए शव को कार से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, लेकिन अंतिम क्रिया पुलिस मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद ही करेगी।

घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल सत्यप्रकाश पटले (27) और कृष्णा साहू (18) को बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया गया है। वहीं, श्लोक जोशी (29) और विक्रम खांडे (19) का इलाज बालाघाट जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, सभी घायल अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं, जिससे हादसे की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है।

 

जांच जारी, परिजनों को दी गई सूचना

रामपायली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है, लेकिन अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। मृतक राकेश श्रीवास के परिजनों को सूचना दे दी गई है, और उनके पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *