Sarguja News: शराब पार्टी में हुई हत्या, मजाक से नाराज युवक ने दो दोस्तों पर किया चाकू से हमला, एक की मौत

Sarguja News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शराब पार्टी के दौरान मामूली मजाक जानलेवा झगड़े में बदल गया। सोमवार देर रात पांच दोस्तों के बीच शराब पार्टी चल रही थी, उसी वक्त एक युवक ने मजाक से नाराज होकर दो साथियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है।

शराब पीते वक्त हुआ विवाद

 

घटना सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरीकला के पखनापारा की है। सोमवार रात करीब 9.30 बजे सुदर्शन दास (29), मदन सिंह (22), चिंटू राम प्रजापति और दो अन्य दोस्त शराब पीने बैठे थे। इस दौरान हंसी-मजाक के बीच कहासुनी हो गई। बताया गया कि मजाक को लेकर चिंटू राम प्रजापति नाराज़ हो गया। थोड़ी देर बाद चिंटू घर से चाकू लेकर आया और सुदर्शन दास पर हमला कर दिया। चाकू उसकी कमर में लग गया। सुदर्शन किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।

 

बता दें, कि हमले के बाद चिंटू ने मदन सिंह को भी चाकू लेकर दौड़ाया। मदन भाग निकला, लेकिन रातभर उसकी कोई खबर नहीं मिली। अगले दिन मंगलवार सुबह बांसबाड़ी में उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ।

फोरेंसिक जांच में हुआ खुलासा

घटना की सूचना पर लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत ने जांच कर बताया कि मदन सिंह के सीने में चाकू का गहरा घाव मिला है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया कि उसकी मौत चाकू से हमला किए जाने के कारण हुई है।

आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी

पुलिस ने आरोपी चिंटू राम प्रजापति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *