Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में 2 नवंबर से राज्योत्सव, मंत्री और सांसद होंगे मुख्य अतिथि

Rajyotsav 2026

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। अलग-अलग जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रमों के दौरान शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया जाएगा।

सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 अक्टूबर को मुख्य अतिथियों के निर्धारण से संबंधित आदेश जारी किया है। जिला प्रशासन को मुख्य अतिथियों से समन्वय कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिलासपुर में अरुण साव और दुर्ग में विजय शर्मा मुख्य अतिथि

जारी सूची के अनुसार जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा में रामविचार नेताम, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन और जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि होंगे।

वहीं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेंद्र यादव को मुख्य अतिथि बनाया गया है। बीजापुर में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम में शामिल होंगे।

3 दिनों तक जगमगाएंगे सरकारी भवन

राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर से 3 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग अपने बजट से व्यवस्था करेंगे।

राज्योत्सव कार्यक्रम स्थलों पर विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण योजनाओं और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिला स्तर पर स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। शासन ने आयोजन को गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *