Raipur News: राष्ट्रपति मुर्मू आज रायपुर में जारी करेंगी ₹200 का स्मारक सिक्का, शहर में ट्रैफिक रहेगा प्रभावित

Draupadi Murmu

Raipur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आज रायपुर पहुंचेंगी। इस दौरान वे माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी करेंगी। इसके अलावा शाम को बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर में आयोजित मुरिया दरबार कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी।

राष्ट्रपति का पहला कार्यक्रम दोपहर 12:45 से 1 बजे के बीच रायपुर स्थित लोकभवन में होगा, जहां माता साहिब हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। यह सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में तैयार किया गया है। इसी कार्यक्रम में उनके सम्मान में विशेष डाक टिकट का भी विमोचन किया जाएगा।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लोकभवन और वहां से बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम तक राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान कई मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात रोका जाएगा। शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा क्षेत्र में ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है।

4 धातुओं से तैयार हुआ स्मारक सिक्का

प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लूणावत के अनुसार, 35 ग्राम वजन वाले इस स्मारक सिक्के को चार धातुओं के मिश्रण से तैयार किया गया है। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता का उपयोग किया गया है। सिक्के के विमोचन के बाद श्रद्धालु और संग्रहकर्ता इसकी बुकिंग शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों तथा कोलकाता टकसाल के माध्यम से कर सकेंगे।

सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर

शदाणी दरबार के सचिव उदय सांई ने बताया कि किसी सिंधी विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी होना पूरे सिंधी समाज के लिए गौरव का विषय है। इससे देश और विदेश में रहने वाले सिंधी समुदाय को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व महसूस होगा।

300 साल पुरानी परंपरा से जुड़ा है शदाणी दरबार

रायपुर का शदाणी दरबार सिंधी समाज के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जिसकी परंपरा 18वीं सदी से जुड़ी है। विभाजन के बाद रायपुर में धमतरी रोड स्थित करीब 12 एकड़ क्षेत्र में शदाणी दरबार तीर्थ का विकास किया गया। वर्तमान में संत डॉ. युधिष्ठिर लाल इसके नौवें पीठाधीश्वर हैं। यहां धार्मिक गतिविधियों के साथ समाज सेवा और जनकल्याण से जुड़े कई कार्य संचालित किए जाते हैं।

23 अक्टूबर को राष्ट्रपति जगदलपुर में आयोजित मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होंगी। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के तहत 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *