Bastar Dussehra 2026: जगदलपुर में बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान अचानक रास्ता बदलने से बड़ा हादसा हो गया। रथ निर्धारित मार्ग से हटकर यामाहा शो-रूम के सामने पहुंच गया, जहां रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद बिजली का खंभा रथ देख रहे श्रद्धालुओं के ऊपर गिर गया। हादसे में कई लोगों को चोटें आई हैं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
रथ के बिजली खंभे से टकराते ही तारों से चिंगारी निकलने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात रही कि कोई भी व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, अचानक रथ की दिशा बदलने से एक स्कूटी सवार भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
व्यवस्था संभालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर अचानक रथ पहुंचने से मौके पर व्यवस्था बिगड़ गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने रथ खींच रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति को सामान्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शरारती लोगों पर रूट बदलने का आरोप
बताया जा रहा है कि रथ खींचने वाले लोगों में शामिल कुछ लोगों ने अचानक रथ का रास्ता बदल दिया और उसे तेजी से पावर हाउस चौक की ओर ले गए। इसके बाद रथ बिजली के खंभे से टकरा गया।

