Rajnandgaon Accident: राजनांदगांव-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भानपुरी नदी के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब होकर खड़ी पिकअप को पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।![]()
दर्शन कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ से दर्शन कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के पास उनकी पिकअप अचानक खराब हो गई। वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर उसमें सवार लोग उसकी मरम्मत कर रहे थे।
पीछे से ट्रेलर ने मारी टक्कर
इसी दौरान नागपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के पास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे के बाद ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

