Raipur Murder: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित टेकारी गांव के पास खार में सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की नजर शव पर पड़ने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।![]()
पुलिस की शुरुआती जांच में शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की स्थिति को देखते हुए मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। ऐसे में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही विधानसभा पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक की अब तक पहचान नहीं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच की जा रही है। पुलिस लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जांच जारी
विधानसभा थाना प्रभारी शिवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि टेकारी गांव के पास अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।


