CG Cricket: छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण है। रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा बल्लेबाज आयुष पांडेय का चयन भारत ‘ए’ टीम में हुआ है। वह श्रीलंका के खिलाफ 25 जून से 5 जुलाई के बीच खेले जाने वाले मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयुष का चयन बतौर ओपनर बल्लेबाज किया गया है। वह छत्तीसगढ़ के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्हें भारतीय टीम के लिए खेलने का अवसर मिला है।![]()
आयुष पांडेय इन दिनों छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) में भी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया है और टूर्नामेंट में शतक जड़कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। पिछले दो वर्षों में घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें भारत ‘ए’ टीम में जगह मिली है।
अपनी इस उपलब्धि पर आयुष पांडेय ने कहा कि बुची बाबू टूर्नामेंट ने उन्हें काफी आत्मविश्वास दिया। उन्होंने कहा कि उस प्रतियोगिता में मिले अनुभव का लाभ उन्हें आगे के मुकाबलों में मिला और वह आगामी मैचों में भी उसी तरह का प्रदर्शन दोहराने का प्रयास करेंगे।
आयुष पांडेय ने क्रिकेट की शुरुआती शिक्षा रायपुर स्थित प्रतिष्ठित रियाज क्रिकेट अकादमी से प्राप्त की। उन्होंने लगभग सात वर्ष की आयु में यहां प्रशिक्षण शुरू किया था। अंडर-14 स्तर से लेकर रणजी ट्रॉफी तक का सफर उन्होंने अकादमी के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तय किया। आयु वर्ग क्रिकेट के दौरान उनका चयन लगातार राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रशिक्षण शिविरों के लिए होता रहा, जिससे उनके खेल में निरंतर निखार आया।
आयुष की इस उपलब्धि पर रियाज क्रिकेट अकादमी के अध्यक्ष अनिल नचरानी, सचिव केविन कास्टर, संयुक्त सचिव चंद्रकांत शुक्ला सहित अकादमी के सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी है। उनकी सफलता से प्रदेश के युवा क्रिकेटरों में भी नई उम्मीद जगी है।

