CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने किसानों के सोलर उपकरणों की लगातार हो रही चोरी के मामलों का बड़ा खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 लाख 60 हजार रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त किया है।![]()
जानकारी के अनुसार पिछले 6 से 8 महीनों से नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा क्षेत्र के कई गांवों में किसानों के सिंचाई कार्यों में उपयोग होने वाले सोलर पंप, सोलर प्लेट पैनल, स्टार्टर और केबल वायर लगातार चोरी हो रहे थे। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम बागडोंगरी निवासी जगदीश बंजारा और जामगांव निवासी परमेश्वर राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने उड़ीसा के नवरंगपुर जिले के कोरडीही निवासी मंहगू मरकाम के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कांकेर जिले के विभिन्न गांवों से सोलर पैनल, सोलर पंप, स्टार्टर और केबल वायर चोरी कर टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन के जरिए ओडिशा ले जाकर बेचते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ओडिशा के 13 अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 60 सोलर प्लेट पैनल, 7 सोलर फ्रेम सेट, 14 सोलर पंप, 14 स्टार्टर और बड़ी मात्रा में केबल वायर बरामद किया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 25 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन, कटर मशीन और अन्य टूल किट भी जब्त किए गए हैं। इनकी कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल बरामद संपत्ति का मूल्य 32 लाख 60 हजार रुपये से अधिक है।
गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश बंजारा निवासी बागडोंगरी, परमेश्वर राठौर निवासी जामगांव और मंहगू मरकाम निवासी कोरडीही, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा क्षेत्र में दर्ज कुल 16 चोरी के मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

